Search
Close this search box.

वाराणसी में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन 2.85 लाख बच्चों को पिलाई गई दवा

वाराणसी। जनपद में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बच्चों को पोलियो की ड्रॉप पिलाकर किया। बूथ दिवस पर जिले के 1805 केंद्रों पर कुल 2,85,356 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। इनमें शहर के 706 बूथों पर 80,135 तथा ग्रामीण क्षेत्र के 1099 बूथों पर 2,05,221 बच्चों का टीकाकरण हुआ।

सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जन्म से पाँच वर्ष तक के 5,44,106 बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जबकि छूटे हुए बच्चों को विशेष अभियान के तहत 6 जुलाई को कवर किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण पूरा होने के बावजूद पल्स पोलियो अभियान की अतिरिक्त खुराक हर बच्चे को अवश्य पिलाई जानी चाहिए।

इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कनौजिया, डिप्टी डीआईओ डॉ. नवीन सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें