दुद्धी सोनभद्र। जनपद के अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुद्धी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विनोद मोड़ अमुवार के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पिठ्ठू बैग से 5 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा और एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैदल आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र पुत्र विश्राम पासवान और बलवंत पुत्र स्वर्गीय राकेश खरवार, निवासी ग्राम सरईगढ़, थाना रायपुर, सोनभद्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय सोनभद्र में पेश करने के लिए रवाना कर दिया। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।










