वाराणसी । 23 जुलाई 18वीं ओलंपियन विवेक सिंह राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर उपविजेता रही पूर्वोत्तर रेलवे की हॉकी टीम का मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने अपने कार्यालय में स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने टीम के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर रेलवे की टीम भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर विजेता बनने का गौरव हासिल करेगी।
22 जुलाई को बड़ालालपुर क्रीड़ा संकुल में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूर्वोत्तर रेलवे को 3-2 से हराकर खिताब जीता। रोमांचक मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से अतुलदीप और संजय ने शानदार गोल दागे। इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल, मंडल क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह सहित पूरी हॉकी टीम मौजूद रही।










