बलिया । दिल्ली में नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार रात बलिया में सियासी माहौल गरमा गया। सपा नेता और कार्यकर्ता जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय पर धरने पर बैठ गए और देर रात तक सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
फेफना विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक संग्राम सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य और अधिकारों के लिए आवाज उठाना अपराध नहीं है। सरकार लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के जरिए युवाओं व विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे सपा बर्दाश्त नहीं करेगी।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “अखिलेश यादव को रिहा करो” और “अखिलेश यादव जिंदाबाद” के नारे लगाए। विधायक ने अखिलेश यादव समेत गिरफ्तार सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
सुरक्षा के मद्देनजर डीएम कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। रात करीब 10:20 बजे अखिलेश यादव की रिहाई की पुष्टि के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने “जेल का फाटक टूट गया, हमारा नेता छूट गया” के नारे लगाए।
ब्यूरो बलिया अवधेश यादव।










