Search
Close this search box.

तिरंगे के रंग में रंगा शहर, तीन मंत्रियों के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

बलिया । जनपद में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से शहीद पार्क तक निकली यात्रा में दो हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

कलेक्ट्रेट से शुरू हुई यात्रा टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन, माल गोदाम रोड और हनुमान मंदिर होते हुए शहीद पार्क चौक पहुंची। पूरे मार्ग पर ‘वंदे मातरम’ के जयघोष और देशभक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा का प्रमुख आकर्षण 65 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे लोग कंधों पर लेकर आगे बढ़े।

समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का माध्यम है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यात्रा में विधायक केतकी सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें