वाराणसी: स्थानीय सेवापुरी ब्लॉक स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय सेवापुरी में सावन माह के उपलक्ष्य में भव्य सावन महोत्सव एवं कजरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी जनपद के छह राजकीय महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में राजकीय महिला महाविद्यालय सेवापुरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय महिला महाविद्यालय डीएलडब्ल्यू वाराणसी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा, राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी एवं बरकी सेवापुरी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. बृजकिशोर त्रिपाठी, प्राचार्य, डीएलडब्ल्यू वाराणसी ने दीप प्रज्वलित कर किया। महाविद्यालय की ओर से अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, गमले युक्त पौधे और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सावित्रीबाई फुले सांस्कृतिक क्लब और आईक्यूएसी के तत्वावधान में किया गया। छात्राओं द्वारा लगाए गए खाद्य पदार्थों, हैंडमेड वस्तुओं, बनारसी साड़ियों और मनोरंजक खेलों के स्टॉल्स ने सभी आगंतुकों को आकर्षित किया।
प्राचार्य प्रो. सुधा पाण्डेय ने वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय समाज में इसके योगदान पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अपनी परंपरा से जुड़ने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि प्रो. त्रिपाठी ने कजरी और सावन के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कालिदास के मेघदूत और ऋतुसंहार में वर्णित वर्षा ऋतु के प्रेम और विरह के सुंदर चित्रण की चर्चा की।
कजरी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. सरिता गुप्ता (पूर्व प्राचार्य, हमीरपुर), डॉ. सुमित बनर्जी (अदलहाट, मिर्जापुर) और सुश्री राधारानी शर्मा ने निष्पक्षता के साथ निर्णय लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कई वरिष्ठ प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. रचना शर्मा, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. शशिप्रभा गौतम, डॉ. अरुंधती, डॉ. स्वर्णिम घोष, प्रो. रवि प्रकाश गुप्ता, प्रो. सत्यनारायण, प्रो. अर्चना गुप्ता, डॉ. सर्वेश कुमार सिंह, डॉ. कमलेश कुमार सिंह, डॉ. सौरभ सिंह, सुश्री प्रिया मिश्रा, कार्यालय अधीक्षक रामकिंकर सिंह, रामायन विश्वकर्मा, मिट्ठू राम एवं दयाराम यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम का निर्देशन गीता रानी शर्मा, संचालन प्रो. कमलेश कुमार वर्मा, एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुधा तिवारी ने किया।







