वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देशन में “हर घर तिरंगा अभियान-2025” बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जा रहा है। यह अभियान तिरंगे को केवल ध्वज के रूप में नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम, बलिदान और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में सम्मानित करने का संदेश देता है।

अभियान के तहत 13 अगस्त 2025 को बरेका इंटर कॉलेज के प्राचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी और विद्यालय समन्वयक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। रिमझिम फुहारों के बीच निकली यह यात्रा बरेका इंटर कॉलेज से शुरू होकर बारात घर द्वितीय, शिव काली मंदिर, सूर्य सरोवर, टैगोर पार्क, इंटर कॉलेज मैदान, कुश्ती केंद्र होते हुए पुनः कॉलेज में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान छात्रों ने “भारत माता की जय”, “झंडा ऊंचा रहे हमारा” और “वंदे मातरम” जैसे नारों से माहौल देशभक्ति से भर दिया।

इसी क्रम में बरेका संस्थान की रोलर स्पीड स्केटिंग अकादमी के बच्चों ने स्केट पहनकर “तिरंगा स्केटिंग रैली” निकाली, जिसका शुभारंभ संस्थान सचिव आलोक कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में उपसचिव अरविंद तिवारी, पुस्तकालय सचिव आनंद राय सहित कई पदाधिकारी और अभिभावक शामिल हुए।

अभियान के तहत 14 अगस्त को शाम 5:30 बजे तिरंगा साइकिल एवं मोटरसाइकिल यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसे महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह प्रशासन भवन से रवाना करेंगे।









