Search
Close this search box.

अयोध्या में 28 अगस्त को लगेगा विशाल रोजगार मेला, 8 हजार युवाओं को मिलेगा अवसर

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रोजगार परक नीतियों के तहत मिशन रोजगार अभियान को नई गति देते हुए अयोध्या में 28 अगस्त को भवदीय ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, सोहावल में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में 50 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल होंगी और लगभग 8,000 पदों पर युवाओं को नियुक्ति दी जाएगी।

कार्यक्रम में टाटा, महिंद्रा, एलएंडटी, फ्लिपकार्ट, एमआरएफ, बीकेटी, ब्लिंकिट जैसी दिग्गज कंपनियां युवाओं को अवसर प्रदान करेंगी। इस मेले में दसवीं, इंटर, डिप्लोमा और स्नातक तक के शिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। आवेदन हेतु कोई शुल्क निर्धारित नहीं है, केवल शैक्षिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थी rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं।

सेवायोजन विभाग के सहायक निदेशक देवव्रत कुमार ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं। उनका कहना है कि यह मेला न सिर्फ रोजगार पाने का मंच है, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और कौशल को पहचानने और निखारने का भी माध्यम बनेगा।

योगी सरकार का लक्ष्य है कि हर युवा रोजगार और कौशल से सशक्त हो, ताकि प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हो और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सके।

Leave a Comment

और पढ़ें