मिर्जापुर: कौमी एकता सप्ताह के अंतर्गत कमला आर्य कन्या पी.जी. कॉलेज, मिर्जापुर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में ‘भारतीय समाज में महिलाओं का महत्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रितु सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक की भूमिका डॉ. पुष्पा मद्देशिया एवं डॉ. स्वांगी ने निभाई।

कार्यक्रम में जिला एकता समिति के सदस्य कृष्ण गोपाल वर्मा तथा साहित्यकार इरफान कुरैशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना से हुई।

महाविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. प्रीति जायसवाल, डॉ. संगीता और डॉ. किरण यादव ने भारतीय समाज में महिलाओं के महत्व एवं उनके बहुआयामी योगदान पर प्रकाश डाला। छात्राओं अंशु मौर्य, प्राची, कनीज़ फातिमा, सोनाक्षी और श्वेता पांडेय ने भी विषय से संबंधित अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति दी, जो भारतीय संस्कृति की अनेकता में एकता की भावना को दर्शाती रही। वहीं बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं साक्षी, पृशा और सुनैना ने मातृशक्ति को समर्पित लोकगीत प्रस्तुत किया।
अतिथि वक्ताओं कृष्ण गोपाल वर्मा एवं इरफान कुरैशी ने कौमी एकता के महत्व के साथ-साथ भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी छात्राओं को दी। अंत में प्राचार्य डॉ. रितु सिंह ने छात्राओं को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन डॉ. शशि रॉय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।









