बलिया। जिले की पुलिस ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिला सुरक्षा के प्रति त्वरित कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी और दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न सिर्फ पीड़िता से धोखे से संबंध बनाए, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
घटना भीमपुरा थाना क्षेत्र की है, जहाँ पीड़िता की शिकायत पर आरोपी आशीष कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी ग्राम रोपनपुर, जिला मऊ (उम्र लगभग 23 वर्ष) के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता से दोस्ती की। बाद में मिलने के बहाने बुलाकर उसे नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने और पीड़िता के पति को मारने की धमकी देने लगा।
इस मामले में मु.अ.सं. 224/2025 धारा 64, 352, 351(3) बी.एन.एस. और 67A आई.टी. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन पर चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल और क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामानुज और हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 15 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे इब्राहिमपट्टी चट्टी से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया है। बलिया पुलिस का यह कदम ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं के प्रति अपराधों पर कड़ी और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण बन गया है।
रिपोर्ट – जयशंकर सिंह