Search
Close this search box.

मीरजापुर: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर कैबिनेट मंत्री ने दिए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मीरजापुर: प्रदेश सरकार के मा. कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले आशीष पटेल ने मीरजापुर जनपद के विकास खंड कोन अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम मुजेहरा, टेड़वा, दुर्गापुर सहित अन्य बाढ़ग्रस्त गांवों का भ्रमण कर गंगा नदी के जल भराव से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

मंत्री श्री पटेल ने सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को सुरक्षित स्थान या राहत शिविरों में पहुंचाया जाए। राहत शिविरों में भोजन, नाश्ता, साफ पेयजल के साथ बच्चों के लिए बिस्किट, टॉफी, चॉकलेट आदि सामग्री प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी व्यक्ति राहत सुविधाओं से वंचित न रह जाए। मंत्री ने मौके से ही अधिकारियों को दूरभाष पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और राहत कार्यों की निरंतर निगरानी के लिए भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, दुर्गेश पटेल सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें