वाराणसी: जिले के सिंधोरा थाना क्षेत्र के मरूई गांव स्थित पाल नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवती बबीता पाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शादी से इनकार के बाद उसने यह कदम उठाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबीता ने पारिवारिक बातचीत के दौरान विवाह से इनकार कर दिया था। इसके कुछ समय बाद वह अपने कमरे में चली गई और पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलते देखा, तो शक हुआ। दरवाजा तोड़ने पर घटना का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही सिंधोरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम क्यों उठाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। वहीं घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।









