देश के कई हिस्सों में आने वाले दो दिनों में ठंड और अधिक बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने शीतलहर, घना कोहरा, कोल्ड डे और बारिश-बर्फबारी को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत समेत कई राज्यों में लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। वहीं ओडिशा में 31 दिसंबर तक और हिमाचल प्रदेश में 1 से 3 जनवरी 2026 के बीच कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है।
इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड में भी घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
वहीं बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे ठंड का असर और अधिक महसूस होगा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें, खासकर बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही वाहन चलाते समय कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








