Search
Close this search box.

एक इंस्पेक्टर, एक महिला सिपाही… और मौत की वो रात जिसने पूरे यूपी पुलिस सिस्टम को हिला दिया

5 दिसंबर की रात—जालौन के कुठौंद थाने में अचानक गूंजती गोली की आवाज़ ने पूरे जिले को हिला दिया। थाने की दीवारों के भीतर ऐसा क्या हुआ, जिसे जानने की कोशिश में अब पूरा प्रदेश सवाल उठा रहा है?

और उस आवाज़ के कुछ ही मिनट बाद पुलिसकर्मी जिस दृश्य के सामने पहुंचे—वह दिल दहला देने वाला था। इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय, खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। हाथ के पास सर्विस रिवॉल्वर… दृश्य ऐसा मानो किसी ने जल्दबाजी में कहानी गढ़ने की कोशिश की हो।

लेकिन इस कहानी का दूसरा पात्र — महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा — वही थी, जो गोली चलने के ठीक बाद सीसीटीवी में कमरे से भागती हुई दिखाई दी। और फिर शुरू हुआ रहस्यों का लंबा सिलसिला…

अवैध संबंध, ब्लैकमेलिंग और फरमाइशों का जाल

पुलिस सूत्र बताते हैं कि यह मामला सिर्फ एक “नज़दीकी” का नहीं था, बल्कि उस नज़दीकी के बहाने इंस्पेक्टर को आर्थिक और मानसिक रूप से कमजोर कर देने का खेल चल रहा था।

सात महीने की थाने की पोस्टिंग के दौरान महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय एक-दूसरे के काफी करीब आ गए थे। लेकिन कुछ महीनों बाद कहानी ने खतरनाक मोड़ लिया। साथियों के मुताबिक—मीनाक्षी ने इंस्पेक्टर के वीडियो और चैट अपने पास रख लिए थे। फ़रमाइशें बढ़ने लगीं। रिश्ते पर दबाव डलने लगा और यह दबाव धीरे-धीरे ब्लैकमेलिंग का रूप लेता गया।

यहाँ तक कि कुछ ही दिन पहले मीनाक्षी ने 3 लाख रुपये का सोने का हार भी ले लिया था। sources बताते हैं कि फरवरी में मीनाक्षी की शादी होने वाली थी, लेकिन वह सरकारी आवास में ही आराम से रह रही थी और लगातार अरुण राय के जीवन में तूफ़ान खड़ा कर रही थी।

स्थानांतरण के बाद भी पीछा नहीं छूटा

मार्च 2024 में मीनाक्षी की तैनाती कोंच कोतवाली में हुई। जुलाई 2024 में अरुण वहां प्रभारी निरीक्षक बने। यही वह समय था जब रिश्ता गहराया — और जब खतरा भी बढ़ा। फरवरी 2025 में अरुण राय का ट्रांसफर उरई कोतवाली और मीनाक्षी का यूपी 112 में भेजा जाना
हुआ। लेकिन दूरी कहाँ खत्म हुई? न दूरी पोस्टिंग से मिटती है, न दूरी आदेशों से।

मीनाक्षी कोंच के सरकारी आवास में ही रहने लगी और अक्सर अरुण के आवास पर झगड़ा, विवाद और हंगामा करती थी। इसके बाद से इंस्पेक्टर लगातार तनाव में रहने लगे थे।

और फिर आई 5 दिसंबर की ‘वो’ रात…

रात करीब 11 बजे थाने में अचानक गोली चली। सिपाही दौड़े। कमरे में पहुंचे। दृश्य देख पैरों तले ज़मीन खिसक गई और उसी दौरान सीसीटीवी में कैद हुआ— मीनाक्षी शर्मा दौड़ती हुई कमरे से बाहर निकल रही है।

वह चिल्ला रही थी— “साहब ने खुद को गोली मार ली!” और फिर थाने से गायब हो गई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज उरई भेजा, लेकिन इंस्पेक्टर को बचाया नहीं जा सका।

पत्नी का आरोप—“ये आत्महत्या नहीं, हत्या है”

इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने साफ कहा— “मेरे पति मानसिक रूप से बहुत मजबूत थे। यह आत्महत्या नहीं, हत्या है।” उन्होंने यह भी बताया मौत से आधा घंटा पहले दोनों की फोन पर बात हुई थी। FIR में सीधे-सीधे महिला सिपाही मीनाक्षी का नाम है।

मां का टूट जाना… और एक परिवार का बिखर जाना

इंस्पेक्टर अरुण की मां प्रभावती का रो-रोकर बस एक ही वाक्य निकल रहा था— “मुझे भी मेरे बाबू के पास पहुंचा दो… अब जीने का कोई मतलब नहीं।” घर में उनका बेटा अमृतांश, जो कोटा में NEET की तैयारी कर रहा है घटना के बाद सदमे में है। एक झटके में एक परिवार टूट गया।

पुलिस की उलझन: आत्महत्या या हत्या?

मीनाक्षी शर्मा को 7 दिसंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाने के कमरे को सील कर दिया गया है। एसपी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। मोबाइल चैट का एक ऑडियो भी चर्चा में है, जिसमें मीनाक्षी की आवाज सुनाई देती है—
“मुझे मेरी वर्दी दे दो, मुझे घर जाना है…”

क्या यह झगड़े की शुरुआत थी या किसी बड़ी साजिश की कड़ी? क्या यह हत्या है या आत्महत्या की आड़ में हत्या? क्या यह ब्लैकमेलिंग का चरम था या संबंधों का विषैला अंत? सवाल बहुत हैं… जवाब अभी भी धुंध में छिपे हैं।

आखिरी सवाल — क्या प्यार, पैसा और दबाव के इस खेल ने एक इंस्पेक्टर की जान ले ली?

यूपी पुलिस का यह मामला सिर्फ एक मौत नहीं—एक चेतावनी है कि सत्ता, संबंधों और स्वार्थ का खतरनाक मिश्रण कैसे एक आदमी की जिंदगी, उसका करियर और पूरा परिवार तबाह कर सकता है। जांच जारी है… सच सामने आएगा या नहीं, कहना मुश्किल है।
लेकिन एक बात तय है— 5 दिसंबर की वो गोली सिर्फ एक इंस्पेक्टर को नहीं लगी, उसने पूरे सिस्टम पर सवाल दाग दिए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें