मिर्जापुर: थाना अहरौरा क्षेत्र के ग्राम सभा शिउर निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मण पाल पर पशु तस्करों ने सिपाही देई जंगल में हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया और 17 बकरियों की हत्या कर दी। इसके बाद शेष मवेशियों को लेकर तस्कर फरार हो गए। घायल अवस्था में इलाज के दौरान लक्ष्मण पाल की मृत्यु हो गई।
लक्ष्मण पाल, पुत्र स्वर्गीय हेमंती पाल, रोज की भांति शनिवार को सुबह 11:00 बजे अपने सैकड़ों बकरियों को लेकर सिपाही देई जंगल में चराने गए थे। इसी दौरान पीछे से दो अज्ञात पशु तस्करों ने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे मौके पर ही अचेत हो गए।
करीब तीन घंटे बाद होश आने पर उन्होंने पास के ग्रामीणों की मदद से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां 17 बकरियों की लाशें बिखरी पड़ी थीं। अंदेशा है कि तस्करों ने इनकी हत्या कर शेष बकरियों और मवेशियों को लेकर भाग निकले।
स्वास्थ्य में सुधार न होने पर रविवार को परिजन लक्ष्मण पाल को वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को लेकर परिजन अहरौरा थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही अहरौरा पुलिस हरकत में आ गई। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही थी। पुलिस पशु तस्करों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।








