Search
Close this search box.

कंपोजिट स्कूल दुद्धी में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मोहा मन, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

सोनभद्र । बीआरसी परिसर स्थित कंपोजिट स्कूल दुद्धी में शनिवार को वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम तथा पूर्व चेयरमैन कमल कानू ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने कहा कि प्रतिभा कभी परिचय की मोहताज नहीं होती।

परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के बल पर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। वहीं पूर्व चेयरमैन कमल कानू ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बच्चे जिला और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो गर्व की बात है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि बीडीओ राम विशाल चौरसिया ने कहा कि आज परिषदीय विद्यालयों में किसी भी कॉन्वेंट स्कूल से कम सुविधाएं नहीं हैं। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी और टैबलेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चे डिजिटल शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।इस दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

विशेष रूप से बालिका भ्रूण हत्या विषय पर प्रस्तुत लघुनाटिका ने सभी को भावुक कर दिया और दर्शकों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 1 से 8 तक के शैक्षिक गतिविधियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने सभी का आभार व्यक्त किया और अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। संचालन जितेंद्र चौबे और अमिता तिवारी ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें