बलिया । जनपद में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने शनिवार को कटहल नाला सुंदरीकरण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रामपुर महावल क्षेत्र में लगभग 300 मीटर हिस्से में कार्य प्रगति पर है, जहां सिल्ट की सफाई, मिट्टी भराई और एप्रोच रोड का निर्माण कराया गया है।
शेष कार्य मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों के अनुसार कटहल नाला का सुंदरीकरण महावल रामपुर महावल से लेकर ग्राम परमानंदापुर तक लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में किया जाएगा, जिसकी चौड़ाई लगभग 20 मीटर होगी। इस परियोजना के लिए करीब 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। नाला सुंदरीकरण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

नाला सुंदरीकरण के लिए 13 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे, जिनमें से परमानंदापुर में तीन अतिक्रमण लोगों ने स्वयं हटा लिए हैं। प्रशासन ने शेष अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने की चेतावनी दी है। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और खर्च की वसूली के साथ आवश्यकतानुसार मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।

इसी के साथ बलिया बाईपास निर्माण की तैयारी भी तेज कर दी गई है। वैना से बांसडीह रोड तक प्रस्तावित इस बाईपास की लंबाई लगभग 17 किलोमीटर होगी। इसके लिए शासन द्वारा 75 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। पहले चरण में 11 किलोमीटर क्षेत्र के 10 गांवों की भूमि का सर्वे 15 मार्च तक पूरा होने की संभावना है।

इसके बाद भूमि दर तय कर किसानों से भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।इसके अलावा नगर पालिका बलिया द्वारा शहर के 10 प्रमुख चौराहों के आधुनिकीकरण की योजना बनाई गई है। कलेक्ट्रेट, कुंवर, चित्तू पांडेय चौराहा, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन, ट्रैफिक सिग्नल, कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। इसके लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और जल्द ही कार्य शुरू होगा।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया उत्तरप्रदेश







