Search
Close this search box.

मीरजापुर में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए डीएम ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

मीरजापुर । सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावी और ठोस कदम उठाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधार कराए जाएं। यातायात नियमों के पालन के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाए।

उन्होंने एनएचआई और टोल प्लाजा संचालकों को सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने तथा टोल प्लाजा के आसपास भारी वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी नगर, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तीन दिन में संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज को डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करने को कहा गया। एसपी ने ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

और पढ़ें