हरदोई। संडीला की होनहार बाल कलाकार अनुष्का अस्थाना ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 8 वर्षीय अनुष्का ने 11वीं नेशनल डांस स्पोर्ट चैंपियनशिप–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
संस्कृत पाठशाला, लखनऊ में 10 एवं 11 जनवरी को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शांतिनिकेतन पब्लिक स्कूल, संडीला की छात्रा अनुष्का अस्थाना ने ट्रेडिशनल डांस (अंडर-8) श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही बैटल राउंड डांस (अंडर-12) वर्ग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त कर निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अनुष्का, शिक्षक पवन कुमार अस्थाना की पुत्री हैं। अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने न केवल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इससे पूर्व अनुष्का हरदोई महोत्सव सहित कई प्रमुख मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
अनुष्का की इस बड़ी उपलब्धि से संडीला सहित पूरे जनपद में हर्ष और गर्व का माहौल है। नन्हीं नृत्यांगना भविष्य में एक प्रख्यात डांसर बनने का सपना देख रही हैं और उनकी यह सफलता उस दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट- ओमजीत यादव









