Search
Close this search box.

गाजीपुर: बीआरसी परिसर में पेड़ की डाल गिरने से सहायक अध्यापक की मौत, विभाग में शोक की लहर

गाजीपुर: बिरनो ब्लॉक के बीआरसी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक एक पेड़ की भारी डाल टूटकर गिरने से एक सहायक अध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शिक्षा विभाग के लिए गहरा आघात लेकर आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक हरकेश यादव (उम्र लगभग 40 वर्ष), पुत्र बसंतू यादव, निवासी महम्मदपुर, थाना बिरनो, प्राथमिक विद्यालय गजपतपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को स्कूल बंद करने के पश्चात वे किसी विभागीय कार्य से बीआरसी परिसर पहुंचे थे।

जब वह परिसर में एक पेड़ के नीचे से गुजर रहे थे, उसी समय अचानक पेड़ की मोटी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हरकेश यादव परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी संगीता देवी, मां भगनी देवी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। उनका परिवार बेहद सामान्य स्थिति में जीवन यापन करता था। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वह अपने पिता के तीन बेटों में सबसे छोटे थे। दोनों बड़े भाई घर पर छोटे-मोटे कार्य करते हैं।

इस दुखद घटना के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी मिन्हाज आलम ने बताया कि “मृतक शिक्षक विभागीय कार्य से बीआरसी परिसर आए हुए थे। घटना की सूचना प्राप्त होते ही हमने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।”

घटना के बाद शिक्षक समाज, विभागीय अधिकारी और गांव के लोग शोक में डूबे हैं। सभी ने सरकार से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, अनुकंपा नियुक्ति और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें