रायबरेली: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर आज रायबरेली में एक सुनियोजित हमले की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मौर्य जब फतेहपुर जाते समय रायबरेली के मिलएरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर रुके थे, तभी स्वागत के दौरान दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
वीडियो फुटेज में साफ तौर पर सुनाई दे रहा है कि हमलावरों में से एक ने कहा – “हे, अपना आदमी है”, जिससे इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। माला पहनाने के दौरान ही युवकों ने स्वामी प्रसाद मौर्य को थप्पड़ मार दिया, जिससे वहां मौजूद कार्यकर्ता और समर्थक भड़क उठे।
नाराज कार्यकर्ताओं ने हमलावर युवकों को दौड़ाकर पीटा और मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने स्थानीय राजनीतिक माहौल में गर्मी ला दी है।











