गाजीपुर: स्थानीय बीआरसी परिसर में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समेकित शिक्षा के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को समान शैक्षिक अवसर प्रदान करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी मिनहाज आलम ने कहा कि कक्षा 1 से 8 तक के विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अभिभावक परामर्श योजना चलाई जा रही है, जिससे बच्चों को समुचित मार्गदर्शन और सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान न केवल शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि एक समावेशी और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में भी प्रयास करता है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि इस पहल में स्कूलों, शिक्षकों, अभिभावकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है ताकि दिव्यांग बच्चों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके।
कार्यक्रम में दिव्यांग शिक्षक रामप्रवेश तिवारी, दिनेश सिंह, अमित सिंह, नागेंद्र यादव, शिवलोचन यादव, बिरन यादव, अरुण यादव, संतोष कुमार और प्रशांत सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।









