Search
Close this search box.

बलिया: अंतर्जनपदीय गौ तस्कर अजय पत्थरकट्टा मुठभेड़ में गिरफ्तार

बलिया। जनपद में गौ तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्जनपदीय कुख्यात गौ तस्कर अजय पत्थरकट्टा को पुलिस ने नरही थाना क्षेत्र के नसीरपुर मठ के पास हुई मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 12 नवम्बर को आरोपी अजय पत्थरकट्टा एक ट्रक में क्रूरतापूर्वक गोवंश पशुओं को लादकर बिहार ले जा रहा था। इसी दौरान कुतुबपुर बैरियर के पास पुलिस टीम ने जब उसके ट्रक की तलाशी लेनी चाही, तो वह चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

गुरुवार देर रात पुलिस टीम को नरही थाना क्षेत्र के नसीरपुर मठ के पास आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो अजय ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे घायलावस्था में दबोच लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बलिया और आजमगढ़ सहित कई जिलों में गौ तस्करी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अनेक गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कुछ खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें