वाराणसी: दी बनारस बार एसोसिएशन वाराणसी के वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महामंत्री पद के प्रत्याशी एडवोकेट राजेश प्रजापति ने अधिवक्ताओं से जुड़े अहम मुद्दों को उठाते हुए अपना विजन प्रस्तुत किया।
एडवोकेट राजेश प्रजापति ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा कानून बनाया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम जल्द से जल्द लागू होना चाहिए, ताकि वकील निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए बैठने हेतु उचित चेंबर व्यवस्था, बिजली, पानी और साफ-सफाई, कचहरी परिसर में वाई-फाई सुविधा, तथा पुस्तकालय की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे नए अधिवक्ता कानून की गहराई से जानकारी लेकर आम जनता को बेहतर न्याय दिला सकें।
एडवोकेट प्रजापति ने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए पेंशन की व्यवस्था, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा एवं मेडिकल इंश्योरेंस, वरिष्ठ एवं नवागत अधिवक्ताओं के लिए विशेष योजनाएं लागू की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने आगे कहा कि नए अधिवक्ताओं के हित में केंद्र सरकार से कम से कम 5 वर्षों तक पेंशन सुविधा की मांग की जाएगी, ताकि वे अपने प्रारंभिक संघर्ष के समय आर्थिक रूप से मजबूत रह सकें।
एडवोकेट राजेश प्रजापति ने कहा, “मैं अधिवक्ताओं के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहूंगा। अधिवक्ता समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहूंगा और उनके हितों को सर्वोपरि रखूंगा।”
अंत में उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे उन्हें सेवा का अवसर दें, ताकि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अधिवक्ता समाज के विकास के लिए कार्य कर सकें।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता









