बलिया: बांसडीह थाना पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट से संबंधित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के कुशल नेतृत्व में थाना बांसडीह की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को प्रतिवादी बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले में स्थानीय थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता की बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने 27 फरवरी को व0उ0नि0 बांके बहादुर सिंह मय हमराही के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी संचिन कुमार पुत्र श्रीनाथ कश्यप उर्फ जघां कश्यप निवासी ग्राम मैरीटार थाना बांसडीह को राजपुर शिवरामपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को पूर्व में ही सकुशल बरामद कर नियमानुसार परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था।
पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64(एम) बीएनएस व 5एल/6 पोक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में व0उ0नि0 बांके बहादुर सिंह, हे0का0 हरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









