Search
Close this search box.

बलिया: रांग साइड से आई BDO लिखी कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, आरोपी ADO पंचायत पर FIR

बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के कोठियां मोड़ के पास शनिवार सुबह लगभग 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूटी और कार की आमने-सामने टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान अनुज कुमार, निवासी लहसनी, नगरा के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए पहले स्थानीय स्तर पर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर मऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित के परिजन मनीष कुमार ने नगरा थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, BDO लिखी कार रॉंग साइड से आकर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक स्कूटी से टकरा गई। कार का चालक राकेश कुमार है, जो गाजीपुर में ADO पंचायत के पद पर कार्यरत हैं और गोरखपुर निवासी हैं। हादसे के समय वे गाजीपुर से गोरखपुर जा रहे थे।

इस मामले में थानाध्यक्ष ए.के. त्रिपाठी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर पर नगरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोठियां मोड़, जिसे “अंधा मोड़” भी कहा जाता है, पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। यह घटना एक बार फिर इस बात को उजागर करती है कि सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

रिपोर्ट – रिज़वान पठान

Leave a Comment

और पढ़ें