वाराणसी: सावन माह की शुरुआत और शिवभक्तों की भारी संख्या में आवाजाही को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए मंगलवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 कौशलेंद्र शर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज यादव ने बीएचयू मंदिर परिसर और रोडवेज क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीएचयू परिसर के बाबा कैफे में एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। अन्य दुकानदारों को ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप’ इंस्टॉल कराने का निर्देश दिया गया, ताकि ऑनलाइन निगरानी सुनिश्चित हो सके।
वहीं रोडवेज क्षेत्र में मनोज सरकार भोजनालय, समर ढाबा व गणेश मिष्ठान भंडार पर खुले में खाद्य पदार्थ बिकते मिले और साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। संबंधित दुकानों से अनहाइजिनिक खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई और संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज यादव ने सभी विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों पर वैध खाद्य लाइसेंस स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें और केवल गुणवत्तापूर्ण व स्वच्छ खाद्य सामग्री ही ग्राहकों को उपलब्ध कराएं।









