बलिया: बैरिया विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और बिजली सेवाओं की जर्जर स्थिति को लेकर भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने क्षेत्र की जनता को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए त्वरित समाधान की मांग की है।
सूर्यभान सिंह ने पत्र में कहा है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है। जनता ने कई बार धरना-प्रदर्शन किया, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। अधिकारियों की मनमानी से सरकार की छवि धूमिल हो रही है और लोग सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
उन्होंने पत्र में हाल ही में बिजली समस्या को लेकर भाजपा नेता मुन्ना बहादुर सिंह और बिजली कर्मचारियों के बीच हुए विवाद का भी जिक्र किया, जिसके चलते उन्हें जेल जाना पड़ा। इस घटना से जनता में आक्रोश है और लोग बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
सूर्यभान सिंह ने मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य और बिजली विभाग की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देशित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि जनता का सरकार पर विश्वास बनाए रखने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी जरूरी है।
ब्यूरो चीफ – अवधेश यादव







