गाजीपुर: राज्य के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने रविवार को सख्त शब्दों में कहा कि “नए भारत के खिलाफ उठने वाली आंखें अब सलामत नहीं रहेंगी।” उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है।
मंत्री राजभर बिरनो गांव में मंडल अध्यक्ष सुनील कुशवाहा के आवास पर आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के मुद्दे को लेकर जनता के बीच संवाद कर रही है और आम जन से सलाह ले रही है।
उन्होंने बताया कि एक साथ चुनाव कराने से देश में विकास कार्यों पर असर नहीं पड़ेगा, धन की भी बचत होगी और लंबे समय तक प्रशासनिक कार्यों में रुकावट नहीं आएगी। इससे विकसित भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जनार्दन कुशवाहा ने मंत्री राजभर को राष्ट्रपति चिह्न अशोक स्तंभ से सम्मानित किया और ‘भूखे हुआ राम नाम’ का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। इसके अलावा मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत एक आम का पौधा भी रोपा।
इस अवसर पर भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें अनुज अकेला, रामनरेश कुशवाहा, राजेश भारद्वाज, राकेश यादव, यशवंत खरवार, मन्नू राजभर, घुरा सिंह, सरोज भारती, रसराज पांडेय, यशवंत सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।








