बलिया: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। वे बलिया के करनई गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों से मिलने पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सपा को मुस्लिमों के प्रति व्यवहार पर घेरा।

राजभर ने कहा, “समाजवादी पार्टी की चार बार सरकार रही है। अगर मुस्लिम वोट ले रही है, तो उन्हें प्रतिनिधित्व और रोजगार भी देना चाहिए।” मीडिया में चल रहे उनके बयान “मुस्लिम साइकिल पर बैठे हैं” को लेकर जब सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “मुस्लिम केवल वोट देते रहें, और बदले में कुछ न मिले – यह ठीक नहीं। उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी और रोजगार भी मिलना चाहिए।”

कांवड़ यात्रा पर विपक्ष की टिप्पणी पर पलटवार
कांवड़ यात्रा में सरकार द्वारा पुष्पवर्षा को लेकर विपक्ष की आलोचना पर उन्होंने कहा कि, “विपक्ष अपना काम करे, सरकार अपना काम कर रही है। समाजवादी पार्टी के घोसी सांसद राजीव ने कांवड़ियों को बेरोजगार कहा है, लेकिन सवाल है कि जब उनकी सरकार थी, तब बेरोजगारी कितनी दूर हुई?”
बिहार चुनाव को लेकर आरोपों पर जवाब
बिहार चुनाव में भाजपा पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर राजभर ने कहा कि, “यह विपक्ष की हताशा है। बीजेपी मजबूत है, इसलिए विपक्ष बेतुके आरोप लगा रहा है।”
राजभर के इस बयान से स्पष्ट है कि वे अब खुलकर समाजवादी पार्टी की अल्पसंख्यक राजनीति पर सवाल उठा रहे हैं और सपा की मुस्लिम वोट बैंक रणनीति को चुनौती दे रहे हैं।
रिपोर्ट– बिनोद सोनी









