वाराणसी: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति में मंगलवार को सुन्दरपुर स्थित चौधरी लॉन में जिला एवं महानगर कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारिणी का पदग्रहण संकल्प समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले और महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
इस अवसर पर सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और जनता की सेवा के लिए संकल्प दिलाया गया। साथ ही सभी को औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पदग्रहण संकल्प समारोह के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब जनता भाजपा के जुमलों और खोखले वादों से भ्रमित नहीं होने वाली।

अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार, किसानों को लागत का दाम और आम जनता को महंगाई से राहत देने के नाम पर सिर्फ झूठे वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की नाकामियों को उजागर करेंगे और जनता के बीच कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को मजबूती से रखेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया है और जनता की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करें और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं।

समारोह में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी चुनाव में भाजपा को हराने का संकल्प लें। उन्होंने कहा, “अब वक्त आ गया है कि हम सब मिलकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करें और कांग्रेस को मजबूत विकल्प के रूप में प्रस्तुत करें।”

अजय राय के भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और ‘कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, महासचिव शशि सोनकर समेत सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने पार्टी के आगामी रणनीतियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। समारोह का माहौल जोशपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।



Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।