वाराणसी। 7 मार्च सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड के चिकित्सकों ने एक जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर 75 वर्षीय समद (बिहार निवासी) को नई जिंदगी दी। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि समद सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ऑटो की टक्कर से उनके दोनों पैरों की हड्डियाँ फ्रैक्चर हो गई थीं। प्रारंभ में उन्हें बीएचयू अस्पताल ले जाया गया, जहाँ जांच में वे हेपेटाइटिस-बी पॉज़िटिव पाए गए और आगे उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
इसके बाद उन्हें सीएचसी दुर्गाकुंड में भर्ती कराया गया। यहाँ डॉ. प्रवीण कुमार और उनकी टीम ने सभी आवश्यक जाँच के बाद जटिल सर्जरी कर दोनों पैरों का सफल ऑपरेशन किया। मरीज की स्थिति अब संतोषजनक है और वह धीरे-धीरे खड़ा होने लगा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।









