चंदौली: उत्तर प्रदेश में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत राज्यभर में रिकॉर्ड संख्या में वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने चंदौली जनपद के नियमताबाद और सदर ब्लॉक में वृक्षारोपण कर इस अभियान में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और नई चेतना का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से मां के स्नेह को प्रकृति से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण को एक भावनात्मक आधार दिया गया है, जिससे लोग आत्मीयता के साथ जुड़ रहे हैं।
विधायक ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में प्रदेश की जनसंख्या से अधिक पेड़ लगाए जा रहे हैं। यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जन-जागरण और जनसहभागिता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सांस्कृतिक परंपरा बनता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह पहल सिर्फ शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव तक इसकी पहुंच बन चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बच्चे, महिलाएं और किसान इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, खंड विकास अधिकारी प्रमोद गुप्ता, धनंजय सिंह, हरिश्चंद्र सिंह टुनटुन, ओम प्रकाश सिंह, रेनू पांडे, अभिषेक जायसवाल, प्रधान कल्लू सिंह, चुनमुन सिंह, शाहिद और विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









