चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धरना गांव में सोमवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार 8-10 बदमाशों ने जिम संचालक और प्रॉपर्टी डीलर अरविंद यादव (40) को गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल अरविंद को परिजन तत्काल वाराणसी के BHU ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हत्या की वजह पुरानी रंजिश मानी जा रही
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। दरअसल, नवंबर 2021 में सिकटिया गांव निवासी विशाल पासवान की हत्या के मामले में श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू समेत 8 लोगों को जेल भेजा गया था। कल्लू और अरविंद करीबी दोस्त थे। जेल में रहते हुए अरविंद ने कल्लू के परिवार को सहारा दिया, मुकदमे की पैरवी की और उसकी मां के नाम से चल रहे हाईवे ढाबे की देखरेख भी की।
हाल ही में कल्लू, उसका भाई रामलखन और अन्य आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आए। बाहर आते ही उन्होंने ढाबे की कमाई और प्रॉपर्टी से जुड़े पैसों का हिसाब अरविंद से मांगा। अरविंद ने जब यह देने से परहेज किया तो दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया, जो हत्या की वजह बन गया।
शूटरों के बाहरी जनपद से बुलाए जाने की आशंका
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस हत्याकांड में जौनपुर और गाजीपुर से बुलाए गए पेशेवर शूटरों का हाथ हो सकता है। गोली मारने का तरीका बेहद सुनियोजित था, जिससे पीड़ित के बचने की कोई संभावना न रहे। आशंका जताई जा रही है कि जेल में लंबे समय तक रहने के कारण आरोपियों के संबंध संगठित अपराधियों से बन गए थे, जिनकी मदद से यह हत्या अंजाम दी गई।
8 नामजद, पुलिस ने घोषित किया इनाम
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू, बृजेश यादव समेत कुल 8 लोगों को नामजद करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 103(1), 324(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक चंदौली ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया है।
पुलिस की छापेमारी जारी, सर्विलांस टीम सक्रिय
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के सहारे छानबीन कर रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बावजूद आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
सवाल बने हथियार और शरण स्थल
घटना के बाद से यह सवाल उठ रहा है कि बदमाशों के पास असलहे कहां से आए और हत्या के बाद वे किस क्षेत्र में जाकर छिपे हुए हैं। फिलहाल पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।