वाराणसी: देश की आज़ादी का जश्न इस वर्ष स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण भारतीय रेल पर दो चरणों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वच्छता अभियान के पहले चरण के सातवें दिन, पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर आज व्यापक स्तर पर स्वच्छता से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

वाराणसी मंडल के बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, बलिया, मऊ, आजमगढ़, प्रयागराज रामबाग, देवरिया सदर, भटनी, सीवान और छपरा रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत रेलकर्मियों के साथ मिलकर स्वच्छता के संदेश के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के दौरान पोस्टर व बैनर के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया और श्रमदान किया गया।

बनारस स्टेशन पर विशेष रूप से एकल उपयोगी प्लास्टिक के उपयोग से बचने हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। वहीं सीवान स्टेशन पर स्वच्छता जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और श्रमदान जैसे कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
आजमगढ़, गाजीपुर सिटी, वाराणसी सिटी, भटनी, प्रयागराज रामबाग, बलिया, छपरा और मऊ स्टेशनों पर रेल यात्रियों व कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु सार्वजनिक कार्यशालाएं आयोजित की गईं। कार्यक्रमों के अंतर्गत अलग-अलग कूड़ेदान लगाकर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा दिया गया, जल निकायों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाई गई।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि स्वच्छता अभियान के प्रथम चरण के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम 15 अगस्त 2025 तक प्रतिदिन पूर्वोत्तर रेलवे के सभी मंडलों में चलाए जाएंगे।







