मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 11 दिसम्बर को वाराणसी दौरे पर आएंगे। वे यहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की मंडलस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक सर्किट हाउस में प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर के सांसद, विधायक, एमएलसी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, काशी क्षेत्र तथा महानगर संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सीएम सुबह आज़मगढ़ मंडल की समीक्षा के बाद दोपहर में वाराणसी पहुंचेंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक में एसआईआर में पीछे रहने के कारणों, फॉर्म वितरण और संग्रहण की स्थिति, डिजिटाइजेशन तथा बूथवार प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एसआईआर अभियान को गति देने के लिए स्वयं कमान संभाल ली है और पश्चिम के मंडलों की समीक्षा के बाद अब वह पूर्वांचल में चरणबद्ध समीक्षा कर रहे हैं।
इस बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों, सभी विधानसभा क्षेत्रों के एसआईआर संयोजक, सेक्टर संयोजक, महानगर पदाधिकारी आदि की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। सभी को इस संबंध में सूचना भेज दी गई है। जनप्रतिनिधियों से उनकी भागीदारी और बीएलए की जिम्मेदारियों को लेकर रिपोर्ट तलब की जाएगी।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बूथवार SIR फॉर्म वितरण, कलेक्शन, डिजिटाइजेशन और मैपिंग का विस्तृत ब्योरा तैयार किया जा रहा है, जो बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।









