Search
Close this search box.

गाजीपुर: रामलीला में पहुंचे सीओ पर अभद्र व्यवहार का आरोप, समिति का धरना ढाई घंटे बाद खत्म

गाजीपुर। क्षेत्र के सोनबरसा गांव में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया जब सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) शुभम वर्मा पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगा। इस घटना के विरोध में बुधवार सुबह समिति के पदाधिकारी व ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए सीओ से माफी या उनके हटाए जाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, सोनबरसा में श्रीरामलीला समिति द्वारा रामलीला मंचन के दौरान नृत्य कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम लोकेश कुमार और सीओ शुभम वर्मा ने मंचन स्थल पर चल रहे नृत्य को लेकर नाराजगी जताई। समिति पदाधिकारियों का आरोप है कि इस दौरान सीओ ने उनके सदस्य मनोज श्रीवास्तव से अभद्र व्यवहार किया।

घटना के बाद आक्रोशित समिति सदस्य व ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सीओ माफी नहीं मांगेंगे या उन्हें हटाया नहीं जाएगा, तब तक रामलीला का मंचन नहीं होगा। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नंदकुमार ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।

करीब ढाई घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद मामला तब शांत हुआ जब क्षेत्राधिकारी ने माफी मांगी। इसके बाद समिति ने रामलीला मंचन जारी रखने पर सहमति जताई।

इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन का सख्त निर्देश है कि रामलीला मंचन में किसी भी तरह के अश्लील गीत या नृत्य नहीं होना चाहिए। समिति पदाधिकारियों ने भी आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह के आयोजन नहीं होंगे।

धरना स्थल पर समिति अध्यक्ष महावीर प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख मनोज गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, आनंद मौर्य, प्रभु कुशवाहा, दयाशंकर यादव, दीपक श्रीवास्तव, शिवजी गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें