गाजीपुर: गोरखपुर-वाराणसी हाईवे फोरलेन मार्ग पर बुधवार की शाम गौ तस्करी की बड़ी कोशिश को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने नाकाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मरदह थाना क्षेत्र के महेगवां गांव के सामने डीसीएम वाहन में छोटे-बड़े लगभग एक दर्जन पशु लादकर ले जाए जा रहे थे। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। तत्पश्चात चार पहिया वाहन के सहयोग से पीछा कर हाईवे पर महेगवां गांव के पास वाहन को रोका गया।
पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर दुर्गेश श्रीवास्तव ने तत्काल स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा को सूचित किया। बाद में वाहन, चालक और पशुओं को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बताया गया कि वाहन चालक जबलपुर (मध्यप्रदेश) जाने की बात कह रहा था। मामले को गौ तस्करी की शंका के आधार पर पकड़ा गया है। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।