Search
Close this search box.

फसल बीमा प्रीमियम 14 अगस्त तक जमा कर पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड करें बैंकर्स: जिलाधिकारी

मीरजापुर: जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को नियमानुसार फसल बीमा का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में सभी बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 14 अगस्त 2025 तक किसानों के खातों से फसल बीमा प्रीमियम की राशि जमा कर, उसे पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड किया जाए, ताकि बीमा कंपनियां समय पर किसानों को मुआवजा दे सकें।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी द्वारा प्रस्तुत बैंकवार समीक्षा रिपोर्ट की समीक्षा की, जिसमें किसानों के खातों से प्रीमियम कटने और पोर्टल पर अपलोडिंग की प्रगति का विवरण दिया गया था।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा तक प्रीमियम राशि का काटकर पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया, तो संबंधित बैंकों के अधिकारियों के विरुद्ध उनके उच्चाधिकारियों को पत्राचार कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी बीमित किसान का प्रीमियम कटने में लापरवाही होती है, तो उसके लिए संबंधित बैंक जिम्मेदार माना जाएगा।

बैठक में उपस्थित बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को भी निर्देशित किया गया कि फसल नुकसान के मुआवजे का समयबद्ध भुगतान किसानों को सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान मुख्य कोषाधिकारी अर्चना त्रिपाठी ने बैंक अधिकारियों से एक अन्य महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी, जो पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, उनके खातों में यदि तीन माह तक कोई लेन-देन नहीं होता, तो ऐसी स्थिति में बैंक को इसकी सूचना तत्काल उपलब्ध करानी होगी। यह निर्देश पेंशनरों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया गया।

इस बैठक में जिला कृषि अधिकारी अवधेश यादव, लीड बैंक प्रबंधक समेत सभी बैंकों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें