गाजीपुर। जिले के 42 परीक्षा केंद्रों पर डीएलएड (D.El.Ed) के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा दो पालियों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में शुरू हुई। परीक्षा के पहले ही दिन कड़ाई और सख्त निगरानी के चलते हजारों परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

प्रथम पाली में कुल 19,457 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,484 अनुपस्थित रहे, जबकि 15,473 ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में 19,263 परीक्षार्थियों में से 15,200 उपस्थित और 4,063 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पहले ही दिन सचल दलों ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिले में डीएलएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेगी। कुल 35,772 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हैं — जिनमें प्रथम सेमेस्टर के 14,682 और तृतीय सेमेस्टर के लगभग 15,000 परीक्षार्थी हैं। इसके अलावा 5,910 अनुत्तीर्ण एवं अवशेष परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है —
- 3 सचल दल,
- 7 जोनल अधिकारी,
- 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट,
- 42 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, और
- 42 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
डायट प्रवक्ता डॉ. सर्वेश राय ने बताया कि प्रथम दिन बाल विकास और शिक्षण अधिगम के सिद्धांत विषय की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दूसरे दिन विज्ञान, गणित, सामाजिक अध्ययन, और तीसरे दिन हिंदी, संस्कृत/उर्दू व कंप्यूटर की परीक्षा के साथ प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न हो जाएगी।
तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेगी। किसी भी समस्या के समाधान हेतु डायट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसकी प्रभारी डॉ. अनामिका हैं।
ब्यूरोचीफ -संजय यादव









