वाराणसी: चौकाघाट क्षेत्र में स्थित वरुणा नदी में आज सुबह एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोनू चौहान (उम्र 30 वर्ष), पुत्र स्व. मूरत चौहान, निवासी मकबूल आलम रोड, एनडीआरएफ के सामने वाली गली, पहरू वीर बाबा मंदिर के पास के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मीडिया से बातचीत करते हुए एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 7:15 बजे प्राप्त हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और घटना के समय भी उसने अत्यधिक मात्रा में शराब पी रखी थी। बताया गया कि उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा था और नियमित रूप से शराब का सेवन करने लगा था। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि नशे की हालत में नदी में गिरने से उसकी मृत्यु हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।








