Search
Close this search box.

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, डॉ. अम्बेडकर को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया और कहा कि कांग्रेस डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति कर रही है, जबकि इतिहास में उसने हमेशा उनका अपमान किया है।

मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस न केवल डॉ. अंबेडकर के कार्यों को नजरअंदाज करती रही है, बल्कि उनके निधन पर अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि संविधान सभा में भीमराव अंबेडकर को पश्चिम बंगाल से क्यों आना पड़ा। मौर्य ने यह भी कहा कि जब बीपी सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से सरकार बनी, तब अंबेडकर के जन्मस्थान को स्मारक में परिवर्तित करने का कार्य किया गया।

मौर्य ने दावा किया कि भाजपा ने हमेशा डॉ. अंबेडकर का सम्मान किया है और उनके योगदान को सराहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह भटकी हुई राजनीति कर रहा है। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि उनकी विचारधारा उत्तर प्रदेश की जनता के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति राज्य के विकास और जनता के साथ न्याय करने में असफल रही है।

प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था

मौर्य ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि आज प्रदेश में ऐसी मजबूत व्यवस्था है कि अपराधी चाहे पाताल में छिप जाए, उसे खोज निकाला जाता है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा और शांति का ऐसा माहौल बनाया है जहां लोग सुरक्षित और निश्चिंत होकर रह सकते हैं।

उपमुख्यमंत्री मौर्य वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की मजबूती और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।

Leave a Comment

और पढ़ें