Search
Close this search box.

बलिया: विश्व हिन्दी दिवस पर डॉ. विद्यासागर उपाध्याय ‘साहित्य शिरोमणि सम्मान–2026’ से सम्मानित

बलिया। जनपद की माटी के लाल और प्रख्यात विद्वान डॉ. विद्यासागर उपाध्याय ने प्रदेश स्तर पर बलिया का गौरव बढ़ाया है। विश्व हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर प्रयागराज के एलनगंज स्थित राज्य शिक्षा संस्थान में आयोजित भव्य सारस्वत समारोह में उन्हें प्रतिष्ठित ‘साहित्य शिरोमणि सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री सिद्धार्थ नन्दन ने डॉ. उपाध्याय को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय की वरिष्ठ निबंधक श्रीमती क्षमा श्रीवास्तव, राज्य हिन्दी संस्थान की संपादिका डॉ. अमिता दूबे, रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल रजनेश कुमार तथा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डॉ. विद्यासागर उपाध्याय को यह सम्मान प्रकांड विद्वान प्रो. डॉ. अखिलेश त्रिपाठी एवं महामना मदन मोहन मालवीय की प्रपौत्री डॉ. विमला व्यास जैसी महान विभूतियों के साथ साझा रूप से प्राप्त हुआ।

सम्मान समारोह के प्रथम उद्घाटन सत्र में डॉ. उपाध्याय ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने “हिन्दी भाषियों के विरुद्ध भाषाई राजनीति: कारण और समाधान” विषय पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए हिन्दी भाषा की वर्तमान चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधानों पर प्रकाश डाला, जिसे उपस्थित विद्वानों ने अत्यंत सराहा।

इसी सम्मेलन में देशभर के विद्वानों के लेखों का संग्रह ‘मुखरित गागरी, हमारी देवनागरी’ का विमोचन भी हुआ, जिसमें डॉ. उपाध्याय का शोधपरक आलेख ‘देवनागरी का डिजिटल अवतार: परम्परा से प्रगति तक प्रमुखता से प्रकाशित हुआ है। इस आलेख में उन्होंने देवनागरी लिपि के तकनीकी पक्ष और डिजिटल माध्यमों में उसके प्रभावी प्रयोग को विस्तार से प्रस्तुत किया है।

डॉ. विद्यासागर उपाध्याय की इस बड़ी उपलब्धि पर जनपद के साहित्यिक जगत में हर्ष की लहर है। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जनार्दन राय, शिवजी पाण्डेय ‘रसराज’, डॉ. मदन राम, नन्द जी नन्दा, डॉ. जितेन्द्र स्वाध्यायी, राजेश सिंह ‘श्रेयस’, डॉ. अशोक सिंह और राधेश्याम यादव सहित अनेक साहित्यकारों ने उन्हें बधाई दी। साहित्यकारों ने कहा कि यह सम्मान न केवल डॉ. उपाध्याय का, बल्कि बलिया की समृद्ध साहित्यिक परंपरा का भी सम्मान है।

बलिया ब्यूरो – अवधेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें