Search
Close this search box.

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डॉ. विकास खत्री ने गणित को बनाया खेल, ‘विज़ुअल मैथ क्लास’ से बच्चों के लिए आसान हुआ गणित

वाराणसी: अब बच्चों के लिए गणित सीखना न तो उबाऊ रहेगा और न ही डरावना। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से जुड़े स्टार्टअप “सी थिंक डिस्कवर प्राइवेट लिमिटेड” ने एक अनोखा नवाचार पेश किया है – ‘विज़ुअल मैथ क्लास’, जो गणित को खेल-खेल में सिखाने वाला एक अभिनव उपकरण है।

इस विचार के जनक हैं डॉ. विकास खत्री, जो बीएचयू के अटल इनक्यूबेशन सेंटर (AIC-BHU) से जुड़े हैं। उन्होंने बताया, “बच्चे सबसे अच्छा तब सीखते हैं जब वे देख और छू सकते हैं, केवल सुनने और लिखने से नहीं।”

क्या है ‘विज़ुअल मैथ क्लास’?

‘विज़ुअल मैथ क्लास’ एक पोर्टेबल किट है जिसमें 60 मैग्नेटिक बोर्ड्स, मैग्नेटिक संख्याएँ, आकृतियाँ, चिन्ह, वैदिक गणित ट्रिक्स, इंटरनेशनल पज़ल्स शामिल है।

शिक्षक इन बोर्ड्स की मदद से हर गणितीय अवधारणा को विज़ुअल और इंटरएक्टिव तरीके से समझा सकते हैं। इसका प्रयोग बिना किसी बिजली या तकनीकी झंझट के किया जा सकता है।

इस नवाचार की खास बातें

  • बिजली की आवश्यकता नहीं
  • टेक्नोलॉजी-फ्री और टिकाऊ
  • इंटरएक्टिव अनुभव, स्मार्ट बोर्ड जैसा असर
  • हर स्कूल के लिए आसान और किफायती समाधान
  • गाँव से लेकर शहर तक उपयुक्त
  • NCERT सिलेबस (LKG से कक्षा 5 तक) पूरी तरह कवर

गाँवों के लिए वरदान साबित हो सकता है यह समाधान

जहां अधिकांश ग्रामीण स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वहां यह विज़ुअल मैथ किट एक सशक्त विकल्प के रूप में उभर रही है। इसकी स्क्रीन-फ्री और बार-बार उपयोग की जाने वाली संरचना से बच्चों को अनलिमिटेड प्रैक्टिस का अवसर मिलता है।

कैसे जन्मा यह विचार?

डॉ. विकास खत्री ने बताया कि यह विचार तब आया जब वे अपने बेटे राम को गणित पढ़ाने के लिए नया और दिलचस्प तरीका ढूंढ रहे थे। “हमने संख्याओं को खेल बना दिया। फिर सोचा – क्यों न इसे हर बच्चे तक पहुँचाया जाए?” आज यह प्रयोग AIC-BHU में इनक्यूबेट होकर देशभर के स्कूलों में पहुँच रहा है, और गणित को बच्चों के लिए एक रोचक अनुभव में बदल रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें