चंदौली: पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में संरक्षित रेल परिचालन को सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार, 09 जुलाई 2025 को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री उदय सिंह मीना द्वारा मंडल कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्कृष्ट संरक्षा कार्य करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्युत (परिचालन), यांत्रिक (कैरिज एंड वैगन) तथा परिचालन विभाग के कुल 10 चयनित रेलकर्मियों को मई 2025 माह के दौरान अपनी सतर्कता, कार्यकुशलता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को रोकने एवं संरक्षा सुनिश्चित करने हेतु उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘संरक्षा पुरस्कार’ प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आयोजन संरक्षा विभाग के समन्वय से किया गया, जिसमें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डीआरएम श्री उदय सिंह मीना ने पुरस्कार प्राप्त सभी रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे बनाए रखने में जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी को आगे भी इसी तरह सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया, ताकि मंडल में पूर्णतः संरक्षित रेल परिचालन को लगातार सुनिश्चित किया जा सके।









