दुद्धी। स्थानीय टाउन क्लब मैदान पर रविवार को 39वें अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबला प्रशासन एकादश और मीडिया एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण रूप से खेला गया, जिसमें प्रशासन एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मीडिया एकादश को 28 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर प्रशासन एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों के खेल में टीम ने 9 विकेट खोकर 86 रन बनाए। टीम की ओर से सर्वेश सिंह ने 11 गेंदों में सर्वाधिक 15 रन, जबकि अश्विनी पटेल ने 13 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 12 रन बनाए।
मीडिया एकादश की ओर से गेंदबाजी में भीम जायसवाल ने 3 विकेट, बादल ने 2 विकेट, जबकि प्रभात कुमार, देवी शक्ति उर्फ राजा, रवि सिंह और राकेश गुप्ता ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया एकादश की टीम 10 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 58 रन ही बना सकी। मीडिया टीम की ओर से प्रभात ने 11 गेंदों पर सर्वाधिक 11 रन, बादल ने 14 रन, जितेंद्र अग्रहरि ने 6 रन और रियाज ने 4 रनों का योगदान दिया। प्रशासन एकादश की ओर से गेंदबाजी करते हुए अमित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट, जबकि दीपक ने 2 विकेट झटके।शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अमित को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच की रोचक कमेंट्री इरफान खिलाड़ी द्वारा की गई।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथि एवं समारोह अध्यक्ष द्वारा विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि, समारोह अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया टीम के मैनेजर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।









