बिलासपुर/छत्तीसगढ़: पारिवारिक कोर्ट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सुनवाई के दौरान एक महिला ने गुस्से में आकर अपने पति पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौजूद कोर्ट कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाने की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा था। इसी दौरान किसी बात पर पत्नी को इतना गुस्सा आ गया कि उसने जज के सामने ही पति की पिटाई कर दी।
इस घटना के बाद एक बार फिर कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। कोर्ट में मौजूद लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कर्मचारी और पुलिस न पहुंचते तो बड़ी घटना हो सकती थी।










