वाराणसी । रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लिए 28 मार्च का दिन भावनात्मक रहा, जब प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी मिलने पर भावभीनी विदाई दी गई। उन्हें पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स में प्रिंसिपल चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव के पद पर नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर बरेका परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।

प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने श्री श्रीवास्तव को स्मृति-चिह्न स्वरूप रेल इंजन का आकर्षक मॉडल भेंट किया। उन्होंने श्री श्रीवास्तव के भारतीय रेल में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान और उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की।

समारोह में उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना की।आईआरएसईई 1988 बैच के अधिकारी श्री श्रीवास्तव ने 22 जनवरी 1990 को भारतीय रेल में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं।
अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी कौशल और प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया। बरेका में उनके कार्यकाल के दौरान उत्पादन, गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
उन्होंने मुख्य विद्युत सामान्य इंजीनियर, गोरखपुर, मुख्य विद्युत इंजीनियर (कंस्ट्रक्शन), सीईडीई गोरखपुर, मंडल रेल प्रबंधक आगरा, जीजीएम (इलेक्ट्रिक) डीएफसीसीआईएल तथा डायरेक्टर (पीएस एवं ईएमयू), लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।समारोह में बरेका के सभी प्रमुख अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य तथा जनसंपर्क विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।








