Search
Close this search box.

गाजीपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, भारी पुलिस बल के साथ प्रशासन की सख्त कार्रवाई

गाजीपुर। शहर में लगातार बढ़ रही जाम और अव्यवस्था की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गाजीपुर शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया।

एसपी सिटी राकेश त्रिपाठी, सीओ सिटी एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ यह अभियान गाजीपुर शहर एवं रौजा क्षेत्र में मिश्र बाजार तिराहे से लेकर लालदरवाजा तक चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों के किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

दुकानों के सामने टिन शेड लगाकर तथा सड़क पर सामान फैलाकर किए गए अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात बाधित हो रहा था। नगर पालिका द्वारा पूर्व में कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में कई स्थानों से अवैध कब्जे हटाए गए, जबकि कुछ दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाते नजर आए, जिससे पटरी दुकानदारों और अवैध कब्जेदारों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस मौके पर एसपी सिटी राकेश त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर कब्जा कर दुकान बढ़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, ताकि आम जनता को सुचारू आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए आगे भी नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था और शहर के सौंदर्य में सुधार हो सके।

ब्यूरो चीफ, गाजीपुर
संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें