गाजीपुर: जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के घूमनी कमालपुर गांव में शनिवार रात जमीनी विवाद के चलते एक 70 वर्षीय वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने रविवार सुबह पहले नंदगंज थाने और फिर रामपुर बंतरा हाईवे पर शव रखकर जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में छप्पर रखने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान रामा बिंद (70) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उन्हें रात करीब 11 बजे नंदगंज थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। इलाज के दौरान रविवार सुबह लगभग 8 बजे वृद्ध की मौत हो गई।
मृतक की मौत की सूचना मिलते ही सुबह करीब 10 बजे परिजन शव लेकर नंदगंज थाने पहुंचे और मुख्य गेट के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले में उच्च अधिकारी मौके पर आकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सूचना पर सीओ भुड़कुड़ा सुधाकर पांडेय मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। कुछ देर के लिए माहौल शांत भी हुआ, लेकिन इसके तुरंत बाद परिजन शव लेकर रामपुर बंतरा हाईवे पर पहुंच गए और वहां जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी पक्ष की तलाश की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।








